लड़की थोड़ी परेशान थी | बहुत कुछ कहना चाहती थी | रात भर बालकनी की परिक्रमा करने के बाद लड़की ने आखिर सोचा कि आज सब कुछ कह देगी लड़के से | उसने फोन उठाया और लिखा, 'बहुत दिनों से कुछ कहना चाहती थी तुमसे, लेकिन कह नहीं पा रही थी | आज कन्फेस कर रही हूं | तुम्हें पसंद करती हूं और तुमसे प्यार भी करती हूं | आगे कि जिंदगी भी तुम्हारे साथ बिताना चाहती हूं | मुझे पता है शायद मैं वैसी नहीं जैसा तुम चाहते हो, लेकिन वादा करती हूं तुम्हारे लिए मैं खुद को बदल भी लूंगी | मैसेज मिलने के बाद अगर हां हो, तो फोन करना वरना छोड़ देना!!!' लड़की ने वाट्सएप पर ये सब लिखकर सेंड कर दिया और बिस्तर पर लेट गई | ५ मिनट बाद लड़के का फोन आया | लड़की लड़के का नंबर देखते ही सातवें आसमान पर थी | खुद को खुशकिस्मत समझ रही थी | उसने खुशी से फोन उठाकर हैल्लो कहा | दूसरी तरफ से लड़के ने कहा, 'अरे सुनो आज तुम्हें एक बात बताना तो भूल ही गया | मी एंड रिया...वी आर कपल नाउ....!!! आज ही उसने मुझे हां कहा है |' लड़की पल भर के लिए टूट गई | उसे समझ नहीं आया ये क्या हुआ उसके साथ | उसने तो फोन अपने और लड़के के रिश्ते की पुष्टि के लिए उठाया था | स्तब्ध खड़ी लड़की ने फोन काटा और वाट्सएप चेक किया | वाईफाई बंद होने के कारण लड़के तक उसका मैसेज नहीं पहुंच पाया था | लड़की ने राहत की सांस ली और मैसेज डिलीट किया | अब लड़की के भीतर जो बेचैनी चल रही थी वो एक शांत गहरे पानी में तब्दील हो गई |

No comments:
Post a Comment